कांकेर, 15 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में कांकेर-नारायणपुर सीमा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों के एक डम्प का भंडाफोड़ करते हुए सुरक्षा बलों ने हथियार, आईईडी (IED), गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के प्रभारी द्वितीय कमांडेंट नरेंद्र शर्मा के निर्देशन में डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
जंगल में मिला नक्सलियों का डम्प
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका गांवों के मध्य जंगल-पहाड़ी इलाके में सघन सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए गए डम्प का पता लगाया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री
सुरक्षा बलों ने डम्प से निम्न सामग्री बरामद की—
एक .303 रायफल मैगजीन सहित
एक .303 रायफल मैगजीन सहित
- एक बीजीएल (BGL) लॉन्चर
- .303 रायफल के 4 राउंड
- AK-47 के 30 राउंड
- SLR के 4 राउंड
- 10 बीजीएल सेल
- लगभग 3 किलोग्राम का टिफिन IED
- 2 पाइप बम
- अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री
बरामद टिफिन IED, पाइप बम और बीजीएल सेल को सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस (बम निरोधक दस्ते) ने मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
संयुक्त अभियान लगातार जारी
इस अभियान में बीएसएफ, डीआरजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान का नेतृत्व एसी बीएसएफ अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उपनिरीक्षक गंगा राम, उपनिरीक्षक रजत जेफ, उपनिरीक्षक रोशन लाल मीणा तथा डीआरजी टीम कमांडर प्रधान आरक्षक रामकृष्ण यादव ने किया।
कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान पूरी सतर्कता के साथ जारी रहेंगे।
0

