जशपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। सरगुजा रेंज में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघातÓ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 552.16 किलोग्राम गांजा, तीन कारें जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के नेतृत्व में सरगुजा रेंज के सभी जिलों में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर रत्ना सिंह से मिली खुफिया सूचना के आधार पर जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई की गई।
दो थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई
पुलिस ने कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्र में उड़ीसा से गांजे की तस्करी कर ले जा रहे वाहनों को निशाना बनाया।
कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने इनोवा (ह्रष्ठ 17 छ्व 0205) से 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया। हालांकि वाहन चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वहीं बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्रेजा (ह्रष्ठ 02 क्च॥ 9811) और आर्टिगा (ह्रष्ठ 16 हृ 9229) कार को जब्त किया। ब्रेजा चालक भी मौके से फरार हो गया, जबकि आर्टिगा कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आर्टिगा में सवार आरोपी मुख्य तस्करों के लिए रेकी (निगरानी) कर रहे थे। इस कार्रवाई में 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य तस्करों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन्द्र राउत (29) निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) और मोहम्मद समीर (26) निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन चालकों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एक करोड़ 20 लाख से अधिक की जब्ती
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 552.16 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 82.82 लाख रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कार सहित लगभग 38 लाख रुपये मूल्य के वाहन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की है।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि में पुलिस ने 1,269.071 किलोग्राम गांजा, 1,840 कफ सिरप, 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, 130 गांजा के पौधे और 875 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। विभिन्न मामलों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहनों को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक साइबर, एसडीओपी बगीचा तथा थाना कुनकुरी, थाना नारायणपुर और थाना बगीचा की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। नशे के कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

