0 उत्कृष्ट थाना-चौकी प्रभारियों का सम्मान
सूरजपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा संचालित ‘साइबर कॉपÓ जनजागरूकता महाअभियान के तहत जिलेभर में बड़े पैमाने पर साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान 171 स्थानों पर 40 हजार से अधिक नागरिकों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शासकीय कर्मचारियों एवं आमजनों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में संचालित इस अभियान की उन्होंने स्वयं मॉनिटरिंग की। इस दौरान उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुर पहुंचकर छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई।

शपथ के दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करेंगे, ओटीपी, बैंक खाते, एटीएम या यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करेंगे, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करेंगे तथा साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देंगे। साथ ही अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
जिलेभर में चला जागरूकता अभियान
जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान साइबर ठगी के नए तरीकों, डिजिटल फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन, सोशल मीडिया सुरक्षा और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश अपराध डिजिटल माध्यमों से किए जा रहे हैं। ऐसे में तकनीकी जानकारी और जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि साइबर कॉप अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा का जिम्मेदार प्रहरी बनाना है।
सूरजपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के झांसे में न आएं। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अभियान में निरीक्षक जावेद मियादाद की भी सराहनीय भूमिका रही।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना-चौकी प्रभारियों का सम्मान
साइबर कॉप महाअभियान के तहत सर्वाधिक लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाने वाले थाना एवं चौकी प्रभारियों को डीआईजी एवं एसएसपी ने सम्मानित किया। अभियान में चौकी बसदेई ने प्रथम, थाना झिलमिली ने द्वितीय तथा चौकी लटोरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करते हुए एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है और इस दिशा में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
0

