जशपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत जशपुर पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई स्कूटी का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (ष्टत्र-10 5513) भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी टिकैतगंज निवासी अनिमा लकड़ा (35), जो जिला अस्पताल जशपुर में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:15 बजे अपनी स्कूटी जिला अस्पताल स्थित सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्क कर ड्यूटी पर गई थीं। दोपहर करीब 2:15 बजे लौटने पर स्कूटी पार्किंग से गायब मिली।
शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों और चोरी गए वाहन की तलाश कर रही थी। इसी बीच 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर विश्वकर्मा (35) निवासी ग्राम तमया, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया। कड़ी पूछताछ में उसने जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल परिसर में खड़ी स्कूटी में चाबी लगी हुई थी। इसे देखकर उसके मन में चोरी करने का विचार आया और वह स्कूटी लेकर अपने गांव चला गया। पहचान छिपाने के लिए उसने वाहन के आगे और पीछे लिखे रजिस्ट्रेशन नंबर को भी मिटा दिया। बाद में चोरी की उसी स्कूटी से जशपुर लौटने के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह और विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

