0 प्रमुख मांगों पर मुख्य सचिव ने दिया सकारात्मक आश्वासन
गुंडरदेही/बालोद, 15 जुलाई (आरएनएस)। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को गुंडरदेही स्थित छत्तीसगढ़ पेंशनर समाज के तहसील कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा करते हुए बताया कि राज्य शासन के मुख्य सचिव ने प्रमुख मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है।
बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.के. वर्मा, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य पी.आर. साहू, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह तथा दुर्ग संभाग अध्यक्ष बी.एल. गजपाल उपस्थित रहे।
प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने बताया कि 10 जुलाई को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में मुख्य सचिव विकासशील के साथ हुई विस्तृत बैठक में पेंशनरों और परिवार पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि सरकार के समक्ष मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49(6) हटाने, पेंशनर कल्याण मंडल के पुनर्गठन, पेंशनर कल्याण निधि नियमों में संशोधन, 1 जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का एरियर सहित भुगतान, कैशलेस चिकित्सा योजना में पेंशनरों को शामिल करने तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों के लिए एक सहायक सहित नि:शुल्क बस यात्रा जैसी प्रमुख मांगें रखी गई हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा पृथक पेंशन कार्यालयों की स्थापना, सेवानिवृत्ति के दिन सभी वैध देयों का भुगतान, ई-पेंशन कार्ड जारी करने, नियमितीकृत कर्मचारियों की पूर्व सेवा अवधि को पेंशन लाभ के लिए मान्य करने तथा लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाई गई है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.के. वर्मा ने कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की छत्तीसगढ़ इकाई देश में आजीवन सदस्यों की संख्या के मामले में अग्रणी है, जिसमें बालोद जिले का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महासंघ से जोडऩे की अपील की। वहीं प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने संगठन गीत जय हो हिंदुस्तान का सामूहिक गायन कराया और संगठन के राज्यव्यापी विस्तार की जानकारी दी।
बैठक में दुर्ग संभाग अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर बी.एल. गजपाल ने भी संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिले में सदस्यता अभियान को और गति देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डी.आर. गजेंद्र के प्रयासों से धनऊ राम साहू, चोवा राम साहू, जयप्रकाश राजपूत, गंगा राम साहू, अशोक कुमार ध्रुव, वेदप्रकाश वर्मा, चमनलाल साहू और एच.एल. नागवंशी सहित आठ पेंशनरों को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ की आजीवन सदस्यता प्रदान की गई। सभी नए सदस्यों का अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

