श्रद्धा कपूर के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही फिल्म ईथा अब अपनी तय तारीख यानी 28 अगस्त को रिलीज नहीं होगी। निर्माता इस फिल्म को समय से पहले या फिर आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। श्रद्धा की फिल्म तय तारीख पर सिनेमाघरों में रिलीज क्यों नहीं हो पाएगी, आइए जानते हैं।
एक सूत्र ने बताया, फिल्म के निर्माता मैडॉक फिल्म्स इस उलझन में हैं कि फिल्म को तय समय से पहले रिलीज किया जाए या फिर इसे आगे बढ़ाया जाए। हालांकि, एक बात पूरी तरह साफ है कि वे इस फिल्म को अपनी पुरानी तारीख यानी 28 अगस्त को रिलीज करने के मूड में नहीं हैं। अगले कुछ ही दिनों में निर्माता रिलीज तारीख में बदलाव को लेकर एक आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
पिछले हफ्ते तक अगस्त के आखिरी वीकेंड पर 4 फिल्में रिलीज होने वाली थीं। इस स्लॉट को सबसे पहले अनुपम खेर और बोमन ईरानी अभिनीत सीक्वल फिल्म खोसला का घोसला 2 ने बुक किया था।
इसके बाद द वन के निर्माताओं ने भी 28 अगस्त की तारीख चुनी। हालांकि, हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की इस जंगल एडवेंचर फिल्म की रिलीज तारीख आगे बढ़ा दी गई है और अब ये 25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी।
कन्नड़ सुपरस्टार यश और कियारा आडवाणी की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक बुधवार, 26 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
1 ही हफ्ते में 4 फिल्में होने के कारण टकराव तय था।
ट्रेड सूत्रों के अनुसार, ईथा के निर्माता टॉक्सिक जैसी बड़ी फिल्म से भिड़ंत टालना चाहते हैं, जो कि एक समझदारी भरा फैसला है। दोनों ही फिल्मों से बंपर कमाई की उम्मीद है। ऐसे में टकराव होने से विशेषकर महाराष्ट्र जैसे महत्वपूर्ण बाजार में दोनों का कारोबार बंट सकता है।
लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित फिल्म ईथा में श्रद्धा दिग्गज मराठी तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका में हैं।
दिनेश विजान द्वारा निर्मित इस फिल्म में रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम किरदारों में हैं।
अब देखना होगा कि फिल्म पहले रिलीज होती है या बाद में। अगर इसे पहले रिलीज किया गया तो ये स्वतंत्रता दिवस वीकेंड या 7 अगस्त को आ सकती है और अगर आगे बढ़ाया गया तो फिल्म सितंबर में रिलीज हो सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

