0-हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंस्टामार्ट की पहल; फिलहाल पायलट परियोजना के रूप में शुरू हुई सुविधा, सफल होने पर अन्य शहरों तक होगा विस्तार
नई दिल्ली,16 जुलाई। त्वरित ऑनलाइन आपूर्ति मंच इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (एचपीसीएल) ने संयुक्त रूप से रसोई गैस सिलेंडर की डिजिटल आपूर्ति सेवा शुरू की है। इसके तहत अब ग्राहक इंस्टामार्ट मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर का ऑर्डर दे सकेंगे। फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत पायलट परियोजना के रूप में बेंगलुरु के सुब्रमण्यपुरा क्षेत्र से की गई है।
कंपनी के अनुसार इस सेवा का उद्देश्य उपभोक्ताओं तक रसोई गैस की तेज, सरल और सुविधाजनक आपूर्ति सुनिश्चित करना है। यह सुविधा विशेष रूप से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, किराएदारों, छोटे परिवारों तथा अस्थायी आवास में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी मानी जा रही है।
इस योजना के तहत ऐसे लोग भी रसोई गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे, जिनके पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं है। पहली बार सिलेंडर लेने वाले ग्राहकों को पहचान सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके बाद भविष्य में सिलेंडर भरवाने की प्रक्रिया सामान्य रीफिल के रूप में मानी जाएगी।
नई सेवा के अंतर्गत ग्राहकों को एचपीसीएल का 10 किलोग्राम क्षमता वाला कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम क्षमता वाला धातु निर्मित सिलेंडर चुनने का विकल्प मिलेगा। कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक सिलेंडरों की तुलना में हल्का है, इसमें जंग नहीं लगती और इसकी पारदर्शी बाहरी सतह के कारण सिलेंडर में शेष गैस का स्तर भी आसानी से देखा जा सकता है।
कंपनी का कहना है कि यह सिलेंडर छोटे घरों, फ्लैटों तथा अतिरिक्त गैस सिलेंडर रखने की आवश्यकता वाले परिवारों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
इंस्टामार्ट के माध्यम से प्राप्त सभी रसोई गैस सिलेंडर के ऑर्डर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकृत वितरक नेटवर्क के जरिए पूरे किए जाएंगे। डिलीवरी के दौरान सभी सुरक्षा मानकों और सरकारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।
दोनों कंपनियों ने कहा है कि इस साझेदारी का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से आवश्यक घरेलू सेवाओं को अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है। यदि यह पायलट परियोजना सफल रहती है, तो आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार देश के अन्य शहरों में भी किया जाएगा।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

