रायगढ़, 16 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम तेतला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस और महिला थाना की संयुक्त टीम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, हेलमेट के महत्व, महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात शाखा की उप निरीक्षक संध्या रानी कोका, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और प्रधान आरक्षक मुकेश चौहान ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों से अवगत कराया। उन्होंने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के उपयोग को दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताते हुए हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी परिणामों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाना अपराध है तथा निर्धारित आयु के अनुसार ही लर्निंग लाइसेंस बनवाकर वाहन चलाना चाहिए। साथ ही स्टंट और रैश ड्राइविंग से बचने का संदेश दिया गया।
पुलिस ने बताया कि ग्राम तेतला का यह क्षेत्र लगातार सड़क दुर्घटनाओं के कारण ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। यदि स्थानीय नागरिक और वाहन चालक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो इस क्षेत्र को भविष्य में ब्लैक स्पॉट की श्रेणी से बाहर लाया जा सकता है।

महिला थाना की सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित हेलो सिस्टर हेल्पलाइन (9479270533) के बारे में बताते हुए कहा कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या महिलाओं से जुड़े किसी भी मामले की शिकायत इस हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है। साथ ही सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और अंजान लोगों के झांसे में नहीं आने की सलाह दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की पहचान हैं। सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रायगढ़ पुलिस की सतत प्राथमिकता है।
0

