बलौदाबाजार-भाटापारा, 16 जुलाई (आरएनएस)। भाटापारा क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी को हथियार दिखाकर रोका, बंदूक की बट से हमला किया और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रोहरा निवासी सराफा व्यापारी बलराम सोनी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान मार्ग पर चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने हथियार के बल पर उन्हें धमकाया और विरोध करने पर बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर मौके से फरार हो गए।
हमले में घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
गौरतलब है कि जिस मार्ग पर यह वारदात हुई है, उसी रास्ते पर कुछ वर्ष पहले भी दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। उन मामलों में भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में एक बार फिर उसी क्षेत्र में सराफा व्यापारी को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद व्यापारी वर्ग में आक्रोश और भय का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

