सरगुजा,16 जुलाईं (आरएनएस)। लखनपुर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के दौरान छह संदेहियों से पूछताछ कर उनके कब्जे से 7 तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक बैटरी जब्त की है। बरामद सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना लखनपुर की टीम ग्राम पुहपुटरा, चिलबील और कटकोना क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पुहपुटरा के कुछ लोगों ने चोरी का तिरपाल, डीजल और बैटरी छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छह संदेहियों से पूछताछ की।पूछताछ के दौरान पुलिस ने अरविंद पैकरा (23 वर्ष), फेकू राम (40 वर्ष), जितेंद्र कुमार (24 वर्ष), सरजू रजक (24 वर्ष), बुधन राजवाड़े (25 वर्ष) और मनोज राजवाड़े (24 वर्ष), सभी निवासी ग्राम पुहपुटरा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा के कब्जे से 7 तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक बैटरी बरामद की।पुलिस ने संदेहियों को बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत नोटिस देकर बरामद सामान के स्वामित्व संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन वे कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद पुलिस ने मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ करते हुए जांच में सहयोग के लिए नोटिस जारी किया।इसके अलावा सभी संदेहियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर तहसीलदार लखनपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष कुमार, सहायक उपनिरीक्षक परशु पैकरा, प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी एवं अजय पाण्डेय, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, सुरेश गुप्ता, कुश सोनी और रामकुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

