रायगढ़, 16 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने अभियान संवेदना के तहत शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, रुपये और गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा क्षेत्र में ट्रेलर चलाते समय गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीडि़ता ने 14 जुलाई को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2025 की शुरुआत में उसकी पहचान आरोपी मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान (34) से हुई थी। आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर विवाह का वादा किया और इसी भरोसे पर 21 फरवरी 2025 को उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीडि़ता के गहने मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाकर उससे मिले 10 हजार रुपये भी अपने पास रख लिए। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब पीडि़ता ने विवाह करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और कथित रूप से गुंडे भेजकर उठवा देने की धमकी भी दी। डर के कारण पीडि़ता ने अपना किराये का मकान बदल लिया और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच में पता चला कि आरोपी ट्रेलर चालक है और फरार चल रहा है। सूचना मिलने पर महिला थाना और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिर्रा में कार्रवाई कर उसे ट्रेलर चलाते समय गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान, निवासी ग्राम महरी, थाना तरहसी, जिला पलामू (झारखंड), हाल निवासी गोरखा, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव तथा चौकी खरसिया के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0

