रायगढ़, 16 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 13 जुलाई को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर की झाडिय़ों में प्लास्टिक की बोरी से ढका 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान का शव मिला था। सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतका अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ पिछले करीब एक वर्ष से वहीं रहकर काम करती थी। दोनों शराब के आदी थे और आरोपी अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।
जांच के दौरान गवाहों ने बताया कि 12 जुलाई की रात दोनों के बीच जोरदार विवाद और मारपीट हुई थी। अगले दिन बच्चों ने झाडिय़ों में बोरी से ढका शव देखा, जिसकी पहचान मृतका के पुत्र ने अपनी मां के रूप में की। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर, हाथ-पैर और सिर पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोटें मिलने तथा अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर धरमजयगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(बी) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की।
पुलिस ने फरार आरोपी मोहब्बत चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के पास गिरवी रख दिया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के बयान के आधार पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी मोहब्बत चौहान (47) निवासी ग्राम डगभौना, थाना कापू, वर्तमान निवासी मस्जिदपारा, धरमजयगढ़ है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में धरमजयगढ़ पुलिस ने की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद के नाम पर होने वाली किसी भी हिंसक घटना को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। हत्या जैसे जघन्य अपराधों के आरोपियों को त्वरित कार्रवाई कर कानून के दायरे में लाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

