दुर्ग, 16 जुलाईं (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बन चुकी है। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम ओरी निवासी अभिषेक चतुर्वेदी की कहानी इस व्यवस्था की सफलता का प्रेरणादायक उदाहरण है। अभिषेक चतुर्वेदी अपनी पत्नी शीतल चतुर्वेदी का राशन कार्ड बनवाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उन्होंने संबंधित विभाग में आवश्यक आवेदन भी प्रस्तुत किया, लेकिन विभिन्न कारणों से उनका राशन कार्ड जारी नहीं हो पा रहा था। इसके चलते परिवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित राशन कार्ड से मिलने वाली अन्य शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। जब लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब अभिषेक चतुर्वेदी ने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर कुछ ही दिनों में आवेदन स्वीकृत किया गया और शीतल चतुर्वेदी के नाम से राशन कार्ड जारी कर उन्हें उपलब्ध करा दिया गया।
राशन कार्ड प्राप्त होने के बाद अभिषेक चतुर्वेदी और उनके परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का इतनी जल्दी समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई हुई और उन्हें बिना किसी परेशानी के राहत मिली। अभिषेक चतुर्वेदी एवं उनकी पत्नी शीतल चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा दुर्ग जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए वास्तव में उम्मीद की किरण है, जो लोगों की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

