० राजनांदगांव पुलिस की जनहितैषी पहल, गुम मोबाइल बरामद कर वास्तविक स्वामियों को किए सुपुर्द
राजनांदगांव, 17 जुलाई(आरएनएस)। थाना बसंतपुर पुलिस ने जनहितैषी पहल के तहत गुम हुए 25 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.75 लाख रुपये बताई गई है। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर सभी आवेदकों ने राजनांदगांव पुलिस और बसंतपुर थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में गुम मोबाइलों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।
अभियान के दौरान विभिन्न कंपनियों के 25 गुम मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए। शुक्रवार को थाना बसंतपुर परिसर में सभी मोबाइल विधिवत सुपुर्दनामा के माध्यम से उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस के प्रयासों से उनकी महत्वपूर्ण जानकारी और संपर्क सुरक्षित वापस मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को कोई गुम मोबाइल मिलता है, तो उसका स्वयं उपयोग करने के बजाय तत्काल निकटतम पुलिस थाने में जमा करें, ताकि वह उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके। पुलिस ने यह भी बताया कि गुम मोबाइलों की पतासाजी और बरामदगी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस सराहनीय कार्रवाई में सीसीटीएनएस आरक्षक श्रवण पैकरा, आरक्षक फागू साहू, आरक्षक ललित रावटे सहित थाना बसंतपुर के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

