० साइबर व यातायात जागरूकता पर निबंध, जल संरक्षण और जंगल बचाओ विषय पर चित्रकला के जरिए विद्यार्थियों ने दिए संदेश
गरियाबंद, 17 जुलाई(आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों में स्कूली बच्चों के लिए निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत थाना गरियाबंद क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, थाना राजिम क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुरसाबांधा, तथा थाना फिंगेश्वर क्षेत्र के रानी श्याम कुमारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फिंगेश्वर एवं प्राथमिक शाला लालपुर में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में बच्चों ने साइबर सुरक्षा और यातायात जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में जल संरक्षण और जंगल बचाओ जैसे विषयों को आकर्षक चित्रों के ाध्यम से उकेरकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को गरियाबंद पुलिस द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गरियाबंद पुलिस ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

