० करीब 3 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद, संकरी गलियों में भी सफल रहा भीड़ प्रबंधन
धमतरी, 17 जुलाई(आरएनएस)। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा शुक्रवार को धमतरी जिले में श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने पूरे आयोजन के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया, जिसके चलते हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
रथयात्रा में लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन को देखते हुए पूरे मार्ग पर पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, महिला पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों की रणनीतिक तैनाती की गई। रथयात्रा का मार्ग शहर की संकरी और तंग गलियों से होकर गुजरने के कारण सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन पुलिस की सुनियोजित रणनीति, सतत निगरानी और बेहतर समन्वय से पूरा आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
पुलिस के अनुसार रथयात्रा के दौरान चाकूबाजी, जेबतराशी, भगदड़ या किसी भी अन्य अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारु रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतर्क ड्यूटी के कारण धार्मिक आयोजन पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासित भीड़ प्रबंधन और सेवा भाव की सराहना की।
इसी प्रकार कुरूद और नगरी अनुभाग में भी संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुई, जहां स्थानीय पुलिस बल ने प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
रथयात्रा ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, थाना प्रभारी कोतवाली राजेश जगत, थाना प्रभारी अर्जुनी चंद्रकांत साहू, उप निरीक्षक खेमराज साहू, आर.के. साहू, बी.आर. सिन्हा, थाना प्रभारी रुद्री सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

