दुर्ग, 17 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में रहने वाले 20 वर्षीय यश कुमार डडसेना ने 12वीं बोर्ड की सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटने के कुछ ही देर बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को यश ने 12वीं बोर्ड की केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा दी थी। परीक्षा देकर घर लौटने के समय घर में उसकी दादी थीं, जबकि पिता छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए बाहर गए थे और मां, जो सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं, ड्यूटी पर थीं।
दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद घर के लैंडलाइन पर बात करने पर दादी ने बताया कि यश “टॉयलेट जा रहा हूं” कहकर गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दादी ने तलाश की। टॉयलेट में नहीं मिलने पर जब उन्होंने स्टोर रूम का दरवाजा खोला तो यश फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही जरूरत पडऩे पर मृतक के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

