जांजगीर-चांपा,18 जुलाई (आरएनएस)। सारागांव थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर राहगीरों से लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अशोक लाठिया निवासी खोखरा अपने साथी के साथ 16 जुलाई को बढ़ई का काम करने सारागांव आया था। शाम को काम समाप्त होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के दौरान कुछ युवक उन्हें घूरते हुए वहां से निकल गए।
पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोपियों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास से दो मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी महेन्द्र कुमार धारिया निवासी डेरागढ़, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ निवासी डेरागढ़ के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक से घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र कुमार धारिया, निवासी डेरागढ़, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती
सूर्यकांत बरेठ, निवासी डेरागढ़, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी एवं सारागांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

