0- 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
जांजगीर-चांपा, 18 जुलाई (आरएनएस)। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अकलतरा ब्लॉक के कोटमी सोनार स्थित कर्रा नाला बांध का गेट तेज बहाव के कारण टूट गया। बांध का मेढ़ और गेट क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में पानी नहर के जरिए लीलागर नदी में पहुंच गया, जिससे नदी उफान पर आ गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन प्रभावित क्षेत्रों से करीब 100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
जानकारी के अनुसार, बांध क्षतिग्रस्त होने के बाद कोटमी सोनार, बड़े अमेरी और छोटे अमेरी सहित आसपास के कई गांव प्रभावित हुए हैं। नदी का जलस्तर बढऩे से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
राहत शिविर में किया गया लोगों का ठहराव
संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर एक स्कूल में राहत शिविर बनाया है। शिविर में लोगों के लिए भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर और एसपी ने लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बांध की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, तेज जलप्रवाह के कारण मरम्मत कार्य शुरू करने में कठिनाई आ रही है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी-नालों के पास न जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

