नई दिल्ली 18 Jully । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने टी20 प्रारूप में टीम के भविष्य के नेतृत्व को लेकर अपनी राय जाहिर करते हुए शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स को कप्तानी का मजबूत विकल्प बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में हरमनप्रीत कौर की जगह टीम की कमान संभालने की क्षमता रखती हैं।
=शेफाली में दिखती है नेतृत्व की क्षमता=
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक प्रशंसक के सवाल का जवाब देते हुए मिताली ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मौजूदा उपकप्तान स्मृति मंधाना की जगह शेफाली का नाम इसलिए लिया क्योंकि वह टी20 टीम के भविष्य को ध्यान में रखकर सोच रही थीं। मिताली के अनुसार, शेफाली अभी युवा हैं, उनका स्ट्राइक रेट शानदार है, जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी कर सकती हैं और 2019 से लगातार भारतीय टी20 टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व की क्षमता समय और अनुभव के साथ मैदान पर विकसित होती है।
=जेमिमा की भी जमकर की तारीफ=
मिताली राज ने जेमिमा रोड्रिग्स की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जेमिमा भले ही हालिया टी20 विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं, लेकिन इससे उनकी क्षमता पर सवाल नहीं उठाए जा सकते। उन्होंने जेमिमा को टीम के लिए निस्वार्थ भाव से खेलने वाली खिलाड़ी बताया और कहा कि उनकी बेहतरीन फील्डिंग हर मैच में टीम के कई रन बचाती है, जिसका अक्सर उल्लेख नहीं होता।
=स्मृति मंधाना पर भी जताया भरोसा=
मिताली ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें स्मृति मंधाना की नेतृत्व क्षमता पर कोई संदेह नहीं है। उनके मुताबिक, स्मृति लंबे प्रारूप यानी टेस्ट और वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम की कप्तानी के लिए उपयुक्त विकल्प हैं।
=दोनों खिलाड़ियों के पास भरपूर अनुभव=
22 वर्षीय शेफाली वर्मा अब तक भारत के लिए 111 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं, जबकि 25 वर्षीय जेमिमा रोड्रिग्स के नाम 131 टी20 मुकाबले दर्ज हैं। दोनों खिलाड़ी हाल ही में महिला वनडे विश्व कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रही हैं।
=हरमनप्रीत के नेतृत्व पर बढ़ी चर्चा=
भारतीय महिला टीम हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी। 2018 से टी20 टीम की कप्तानी संभाल रहीं हरमनप्रीत कौर अब तक भारत को इस प्रारूप में विश्व विजेता नहीं बना सकी हैं। ऐसे में टीम के भविष्य के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि फिलहाल हरमनप्रीत कौर ही भारतीय टीम की कप्तान हैं और उनसे आगामी महिला एशिया कप तथा जापान में होने वाले एशियन गेम्स में टीम का नेतृत्व करने की उम्मीद है

