धमतरी, 18 जुलाई (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने मानवता और जनसेवा का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक अज्ञात वृद्ध महिला को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में डायल-112 और चौकी बिरेझर पुलिस की तत्परता से महिला को पहले सुरक्षित संरक्षण में लिया गया और न्यायालय के आदेश के बाद राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात ग्राम चिवरी में लगभग 60 वर्षीय एक अज्ञात वृद्ध महिला मानसिक रूप से विचलित अवस्था में भटकती हुई मिली। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 और चौकी बिरेझर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित चौकी लेकर आई।
पहचान नहीं बता सकी महिला
पुलिस ने महिला से उसका नाम और पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कोई जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला चिकित्सालय धमतरी ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया। डॉक्टरों ने महिला के लिए उच्च स्तरीय मानसिक उपचार की आवश्यकता बताई।
न्यायालय के आदेश पर सेंदरी में कराया भर्ती
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए चौकी बिरेझर पुलिस ने माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। चिकित्सकीय रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने महिला को राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराने के आदेश जारी किए।
न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए चौकी बिरेझर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक ईशु कुमार साहू और महिला आरक्षक ललेश्वरी गावड़े के संरक्षण में महिला को सुरक्षित सेंदरी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार शुरू कर दिया गया है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

