नई दिल्ली 18 Jully (Rns) । वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर और दुनिया के सर्वकालिक श्रेष्ठ ऑलराउंडरों में शामिल सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
=सचिन ने साझा की भावुक यादें=
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि सर गारफील्ड सोबर्स के निधन की खबर पर विश्वास करना बेहद कठिन है। उन्होंने 2003 क्रिकेट विश्व कप के उस यादगार पल को याद किया, जब सोबर्स ने उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार प्रदान किया था। सचिन ने कहा कि सोबर्स हमेशा स्नेही, विनम्र और प्रेरणादायक व्यक्तित्व रहे तथा उनके साथ बिताए पल हमेशा स्मरणीय रहेंगे।
=विराट कोहली ने बताया प्रेरणास्रोत=
विराट कोहली ने भी सर गारफील्ड सोबर्स को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार करियर से जो विरासत छोड़ी है, उसे आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने सोबर्स को क्रिकेट इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बताया।
=ऐसा रहा शानदार क्रिकेट करियर=
सर गारफील्ड सोबर्स ने वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैचों में 8,032 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 57.78 रहा। उन्होंने अपने करियर में 26 शतक, 30 अर्धशतक, दो दोहरे शतक और एक तिहरा शतक लगाया। उनका नाबाद 365 रन का स्कोर लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट का विश्व रिकॉर्ड रहा।
गेंदबाजी में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 235 टेस्ट विकेट हासिल किए। तेज और स्पिन दोनों तरह की गेंदबाजी में उनकी महारत ने उन्हें विश्व क्रिकेट का सबसे सफल ऑलराउंडर बनाया। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में केवल एक वनडे मुकाबला भी खेला, जिसमें एक विकेट लिया।
=क्रिकेट जगत में शोक=
28 जुलाई को सर गारफील्ड सोबर्स अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया। उनके जाने से विश्व क्रिकेट ने एक ऐसी महान शख्सियत खो दी, जिनकी उपलब्धियां और खेल भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेंगी।

