नागरिकों को इंडिया पोस्ट के आधिकारिक शुभंकर को डिजाइन करने के लिए आमंत्रित किया गया है, जो इसके विश्वास, सेवा और डिजिटल नवाचार के मूल्यों को प्रतिबिंबित करे; प्रतियोगिता में कुल 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि जीती जा सकती है
New Delhi 18 Jully (Rns /- संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने इनोवेट इंडिया माईगॉव प्लेटफॉर्म पर इंडिया पोस्ट शुभंकर डिजाइन प्रतियोगिता शुरू की है, जिसमें देशभर के नागरिकों को इंडिया पोस्ट के आधिकारिक शुभंकर को डिजाइन करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य एक ऐसा विशिष्ट ब्रांड एंबेसडर तैयार करना है जो संगठन के मूल मूल्यों जैसे विश्वास, विश्वसनीयता, समावेशिता, सेवा और डिजिटल नवाचार को प्रतिबिंबित करे।
यह प्रतियोगिता सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली है। प्रतिभागियों को MyGov प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक मौलिक शुभंकर डिज़ाइन, उपयुक्त शुभंकर नाम और एक संक्षिप्त अवधारणा पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रतियोगिता 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक खुली रहेगी।
रचनात्मक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, विभाग ने तीन सर्वश्रेष्ठ शुभंकर डिज़ाइनों के लिए क्रमशः 75000, 50000 और 25000 रुपये के नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। तीन सर्वश्रेष्ठ शुभंकर नामों के लिए भी अलग से 25000, 15000 और 10000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र प्राप्त होंगे। शुभंकर डिज़ाइन और शुभंकर नामकरण के पुरस्कार एक दूसरे से स्वतंत्र और अनन्य हैं।
चयनित शुभंकर इंडिया पोस्ट का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनेगा और उसे प्रचार अभियानों, डाक टिकट संबंधी उत्पादों, जन जागरूकता पहलों, प्रदर्शनियों, सोशल मीडिया मंचों और अन्य आधिकारिक संचार में प्रदर्शित किया जाएगा।
विभाग ने देश भर के छात्रों, डिजाइनरों, कलाकारों और रचनात्मक पेशेवरों से इंडिया पोस्ट की भविष्य की दृश्य पहचान को आकार देने में भाग लेने और योगदान देने का आग्रह किया है।
00

