कुशीनगर,18 जुलाई (आरएनएस )। वर्तमान में खरीफ फसलों में धान की रोपाई एवं गन्ने की टॉप ड्रेसिंग का कार्य प्रारंभ हो चुका है। किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जनपद में विभिन्न उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में यूरिया 16,587 मीट्रिक टन, डीएपी 6,209 मीट्रिक टन तथा एनपीके 7,563 मीट्रिक टन विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2026 को सहकारी क्षेत्र हेतु 1,351 मीट्रिक टन यूरिया तथा इफको की 1,337 मीट्रिक टन डीएपी जनपद की समस्त समितियों को आवंटित कर प्रेषित कर दी गई है। इसके अतिरिक्त 18 जुलाई 2026 को आईपीएल कंपनी से देवरिया रैक के माध्यम से 1,539 मीट्रिक टन यूरिया प्राप्त हो रही है, जिसमें 328 मीट्रिक टन सहकारी समितियों तथा 1,211 मीट्रिक टन निजी क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। यह उर्वरक आज ही जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचा दिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे संतुलित एवं संस्तुत मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें। विभागीय पोर्टल के माध्यम से उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की सतत निगरानी और अनुश्रवण किया जा रहा है।
उन्होंने किसान भाइयों से अनुरोध किया कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार जोतबही/खतौनी के आधार पर निकटतम निजी अथवा सहकारी उर्वरक प्रतिष्ठान (समिति) से पीओएस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण कर उर्वरक प्राप्त करें।
यदि उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो किसान कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 9458065687 पर अपनी लिखित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

