नई दिल्ली 18 Jully (rns) । जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
इससे पहले दिन में दिल्ली पुलिस ने पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखी गई।
=दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की=
स्याही फेंके जाने की घटना के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “नीला मेरा पसंदीदा रंग है।” वहीं, प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने घोषणा की कि वह सोनम वांगचुक के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
दीपके ने आरोप लगाया कि जिस तरह से सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाया गया, वह अनुचित था। उनका कहना था कि यदि आंदोलन को कमजोर करने की मंशा से यह कदम उठाया गया है, तो वह आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए स्वयं भूख हड़ताल करेंगे।
=परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराने पर उठाए सवाल=
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंग्मो ने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश में केवल स्वास्थ्य की निगरानी की बात कही गई थी, अस्पताल में भर्ती कराने का निर्देश नहीं था। उन्होंने दावा किया कि वांगचुक की नियमित जांच की जा रही है और उनकी स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट को लेकर स्वतंत्र जांच कराने पर भी विचार किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि सोनम वांगचुक अब भी अपना उपवास जारी रखे हुए हैं और केवल नमक मिला पानी ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी निर्णय परिवार स्वयं करेगा।
=पुलिस कर रही जांच=
स्याही फेंकने की घटना के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। प्रदर्शन स्थल पर हालात फिलहाल सामान्य बताए जा रहे हैं।

