राजनांदगांव, 18 जुलाई (आरएनएस)। राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानपुरी नदी के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में जारी है।
जानकारी के अनुसार, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ में दर्शन कर पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के समीप उनकी पिकअप अचानक खराब हो गई। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत कर रहे थे।

इसी बीच नागपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के पास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की जान गई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
0

