नारायणपुर,18 जुलाईं (आरएनएस)। नक्सल मुक्त घोषित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सतत सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों, गोला-बारूद, संचार उपकरणों और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। बरामद 44 बीजीएल शेल को सुरक्षा की दृष्टि से बम निरोधक दस्ता (BDS) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय (डिस्पोज) कर नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को 133वीं वाहिनी बीएसएफ, सोनपुर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कदेर के समीप जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर बम निरोधक दस्ते की सहायता से संदिग्ध स्थान की जांच की।
जमीन की खुदाई करने पर हथियार, गोला-बारूद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संचार सामग्री, चिकित्सा सामग्री, नक्सली साहित्य और अन्य सामान बरामद किया गया।
प्रमुख बरामद सामग्री
1 नग .303 राइफल
6 नग .315 राइफल
1 नग 12 बोर बंदूक
2 नग बीजीएल
33 नग 12 बोर कारतूस
विभिन्न प्रकार के 148 से अधिक राइफल कारतूस
.303 राइफल मैगजीन
आरएफ डिटेक्टर, एंटीना एवं अन्य संचार उपकरण
जीपीएस(Garmin)
कई पेन ड्राइव एवं 78 मेमोरी कार्ड
नक्सली वर्दी, बैनर, फोटो एवं भारी मात्रा में नक्सली साहित्य
चिकित्सा सामग्री, टॉर्च, जनरेटर मैनुअल और अन्य उपयोगी सामान
44 बीजीएल शेल मौके पर किए गए नष्ट
बरामद 24 बड़े और 20 छोटे बीजीएल शेल (कुल 44) को सुरक्षा कारणों से बम निरोधक दस्ता (BDS) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इसलिए इन्हें जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद अन्य सामग्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बल नक्सल मुक्त क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चला रहे हैं, ताकि नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री की बरामदगी कर क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

