गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 18 जुलाई (आरएनएस) । छत्तीसगढ़ सरकार की अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उडऩदस्ता दल ने सघन जांच अभियान चलाते हुए अवैध खनिज परिवहन में लगे 1 टिप्पर और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला खनिज उडऩदस्ता दल ने सिलपहरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर, सधवानी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर तथा भदौरा क्षेत्र में मिट्टी-मुरूम का अवैध परिवहन करते हुए 1 टिप्पर जब्त किया। प्रशासन ने बताया कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा किए जाने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासकीय राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खनिज संपदा के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और पारदर्शी खनिज प्रबंधन को प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से जिलों में नियमित निगरानी, सघन जांच और त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

