फतेहपुर,18 जुलाई (आरएनएस )। लोकतंत्र रक्षक सेनानी समिति, उत्तर प्रदेश की ओर से नगर में लोकतंत्र सेनानी विजय स्तंभ स्थापित किए जाने की मांग को लेकर नगर पंचायत प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। समिति के प्रदेश महामंत्री नवल किशोर मिश्रा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र सरकार ने 25 जून को पूरे देश में लोकतंत्र सेनानी दिवस के रूप में घोषित किया है। इसी क्रम में खागा नगर में भी लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में विजय स्तंभ स्थापित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि खागा नगर पंचायत क्षेत्र में चार लोकतंत्र सेनानी रहे हैं, जिनमें स्वर्गीय श्यामलाल साहू, स्वर्गीय हरीश चंद्र गुप्ता, स्वर्गीय भारत प्रसाद गुप्ता, गजेंद्र सिंह (जीवित) शामिल हैं। वहीं खागा तहसील के कुल 15 लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। समिति का कहना है कि प्रदेश के कई जनपदों में लोकतंत्र सेनानी विजय स्तंभ स्थापित किए जा चुके हैं, इसलिए खागा में भी शीघ्र विजय स्तंभ स्थापित कराया जाए ताकि लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को आने वाली पीढिय़ां याद रख सकें। समिति ने नगर पंचायत प्रशासन से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर विजय स्तंभ निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री नवल किशोर मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों का सम्मान समाज का दायित्व है। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर विजय पाल, राममिलन, छेदी लाल, रामलाल, गुलाब सिंह, राधा साहू, कृष्ण सिंह सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

