बिलासपुर,18 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखे बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेला निवासी भगवती कौशिक (29 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और पास की कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं।करीब डेढ़ घंटे बाद तीनों वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब मिला।पीडि़ता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। जब उन्होंने चालक से पूछताछ की तो उसने पहले टालमटोल की, बाद में जेवर लौटाने का आश्वासन दिया।शिकायत के अनुसार, आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर के बदले नकद राशि या अन्य गहने देने की पेशकश भी की। इसके बाद वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीडि़ता को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया और मौका मिलते ही छत के रास्ते फरार हो गया।चकरभाठा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की तलाश जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

