कोलकाता,18 जुलाई(आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन इलाके में संदिग्ध देशी बम (क्रूड बम) विस्फोट हो गया, जिससे इलाके में सनसनी मच गई. धमाका किराये के एक कमरे हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने मौके से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले मैटेरियल को बरामद किया है. दो संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ भी शुरू कर दी है. जांच के दौरान, घर से 2 जिंदा देसी बम बरामद हुए हैं. सीआईडी के बम स्काव्ड ने बम बरामद किया है. घटना राजारहाट के साउथ नायारणपुर इलाके की है.
पुलिस के अनुसार, सुपारी के बागान के अंदर बने एक ग्राउंड फ्लोर के कमरे में धमाका हुआ था. ये कमरा हाल में कामारहाटी के रहने वाली एक व्यक्ति ने किराये पर लिया था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दो लोग एक बैग लेकर कमरे में पहुंचे थे और उसे अंदर ही छोड़कर चले गए. उनके जाने के कुछ ही देर बाद तेज धमाका हुआ है. विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के दो कमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया है. इलाके में अफरा-तफरी मच गई. धमाके में कमरे के अंदर मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गया है. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद नारायणपुर थाने की टीम मौके पर पहुंच गई. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
तलाशी के दौरान, पुलिस को घटनास्थल को बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामाग्री मिली है. इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी करके फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया कि कमरे का इस्तेमाल सामाग्री तैयार करने और उसे छिपाने के लिए किया जा रहा है.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

