दुर्ग,18 जुलाई (आरएनएस) । महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जिलेभर में चलाए जा रहे पिंक पेट्रोलिंग अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान स्कूल परिसर में शराब पी रहे दो लोगों को पकड़ा गया, वहीं कॉलेज जा रही छात्रा से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसकी दोपहिया वाहन जब्त की गई।पुलिस के अनुसार, थाना सुपेला क्षेत्र में पिंक पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि रावणभाठा स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में दो व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर मोनूदास मानिकपुरी (30) और शेख साहिल (26) को गिरफ्तार किया। मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने पर दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम एवं बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं थाना पुलगांव के चौकी अंजोरा क्षेत्र में एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई कि 11 जुलाई को कॉलेज जाते समय आरोपी ने उसका पीछा किया, रास्ता रोककर बातचीत का दबाव बनाया, विरोध करने पर अभद्र व्यवहार, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आशीष कुमार यादव (24) निवासी ग्राम खपरी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त कर लिया।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि पिंक पेट्रोलिंग अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, बस स्टॉप, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित गश्त की जा रही है। महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ अपराध, छेड़छाड़, पीछा करने, नशाखोरी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। दुर्ग पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पिंक पेट्रोलिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

