रायपुर, 18 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की सिविल लाइन थाना पुलिस ने 50 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए मयूर राजेंद्र देसले और अनुराग सोनी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना सिविल लाइन क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे एक चारपहिया वाहन में छापेमारी की गई थी। इस दौरान वाहन में सवार हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 किलोग्राम गांजा और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। इसके बाद जांच के दौरान राजकिशोर बेहरा उर्फ मिलन और रंजित उर्फ मयूर डिगल को भी गिरफ्तार किया गया था।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले, जिसमें मयूर राजेंद्र देसले और अनुराग सोनी की भूमिका सामने आई।
पुलिस जांच में पता चला कि मयूर राजेंद्र देसले गांजा तस्करी के लिए उपयोग की गई चारपहिया वाहन (रू॥-01-क्च-9616) उपलब्ध कराता था। यह वाहन उसने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों ऋषिकेश और हिमांशु को अनुराग सोनी के माध्यम से दिया था और इसके बदले कमीशन प्राप्त करता था।
वहीं अनुराग सोनी उड़ीसा से गांजा लाने और उसे ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। वह पहले गिरफ्तार किए गए रंजित डिगल और मिलन बेहरा के सहयोग से गांजा सप्लाई करता था तथा इस कार्य के बदले कमीशन लेता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) एवं 29 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
मयूर राजेंद्र देसले (30 वर्ष), निवासी मलेगांव रोड, चालीसगांव, जिला जलगांव (महाराष्ट्र)
अनुराग सोनी (29 वर्ष), निवासी कारगिल चौक, थाना कोतवाली, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
रायपुर पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है।
०


