० नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल का किया गया स्वागत्
सूरजपुर, 18 जुलाईं (आरएनएस)। डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर (भापुसे) का स्थानान्तरण पुलिस मुख्यालय रायपुर में होने एवं नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के जिले में पदभार संभालने पर पुलिस परिवार सूरजपुर के द्वारा विदाई एवं स्वागत सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को विश्रामपुर स्थित ऑफिसर्स क्लब में किया गया। समारोह में पुलिस परिवार, जिला प्रशासन ने डीआईजी/एसएसपी ठाकुर के सफल, अनुकरणीय एवं जनसेवामुखी कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तो वहीं नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल ने कहा कि प्रशांत कुमार ठाकुर अपने कार्यकाल में जिस समर्पण, अनुशासन और दूरदर्शिता के साथ कार्य किया। उन्होंने केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ नहीं किया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु भी बनाया। उनकी सबसे बड़ी विशेषता उनका सहज, सरल और प्रेरणादायी व्यक्तित्व रहा। उन्होंने हमेशा टीम भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित कर अच्छी सफलताए हासिल की। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी में भी इसी ऊर्जा, निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करें तथा निरंतर सफलता अर्जित करें।
कलेक्टर सूरजपुर मती रेना जमील ने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस के बेहतर समन्वय से जिले में कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास कार्यों को नई गति मिली। उन्होंने ठाकुर के नेतृत्व, कार्यकुशलता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल जिले के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारियों में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशांत कुमार ठाकुर सर के नेतृत्व में सूरजपुर पुलिस ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उनके मार्गदर्शन में अनुशासित कार्य, प्रभावी पुलिसिंग और जनविश्वास को नई मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि ठाकुर द्वारा स्थापित उत्कृष्ट कार्य प्रणाली एवं जनसेवा की भावना को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेंगे। उन्होंने ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को सीईओ जिला पंचायत विजेन्द्र सिंह पाटले, डीएफओ डी.पी.साहू ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन निरीक्षक जावेद मियादाद ने किया।
अंत में जिले से विदा हो रहे डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि सूरजपुर में मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। जिले में कार्यकाल के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर अपराधों की रोकथाम, नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान सहित अनेक जनहितकारी पहलों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सका। उन्होंने कहा कि सूरजपुर पुलिस की सबसे बड़ी ताकत उसकी टीम भावना है और इसी समर्पण के कारण जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीआईजी/एसएसपी ठाकुर की धर्मपत्नी, पुत्र, एसडीएम सूरजपुर शिवानी जायसवाल, एसडीएम भैयाथान चांदनी कंवर, एसडीएम प्रतापपुर ललिता भगत, एसडीएम रामानुजनगर अजय कोसाम, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी ओडग़ी राजेश जोशी, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, सभी थाना-चौकी प्रभारी व जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
०



