मुंगेली,18 जुलाई (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और साइबर सेल की बैठक लेकर अवैध गतिविधियों, बाहरी प्रवासी व्यक्तियों और संदिग्ध लोगों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में किरायेदारों के अनिवार्य सत्यापन, फेरीवालों के दस्तावेजों की जांच और औद्योगिक संस्थानों, होटल-लॉज में ठहरने वाले लोगों का रिकॉर्ड अपडेट रखने पर विशेष जोर दिया गया।एसएसपी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराएं तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘समाधान एपÓ में पंजीयन कर राज्य और अन्य राज्यों से आने वाले किरायेदारों की जानकारी दर्ज करें। थाना और चौकी प्रभारियों को क्षेत्र के मकान मालिकों को जागरूक करने और आवश्यकता पडऩे पर नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में यह भी कहा गया कि ग्राम कोटवारों के माध्यम से क्षेत्र में घूमने वाले फेरीवालों की पहचान कर उनके आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए। साथ ही बाहरी फेरीवालों को क्षेत्र में आने से पहले संबंधित थाने में मुसाफिरी दर्ज कराने के निर्देश दिए जाएं।एसएसपी ने जिले के सभी औद्योगिक संस्थानों, ढाबों, लॉज और होटलों में कार्यरत कर्मचारियों तथा ठहरने वाले पर्यटकों और आगंतुकों की प्रतिदिन ‘समाधान एपÓ में एंट्री सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या बाहरी व्यक्ति निवास कर रहा हो या उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें। वहीं अवैध हथियार, नशे के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम 9479193044 पर तथा साइबर ठगी की शिकायत 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल दर्ज कराने की अपील की गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

