एमसीबी,18 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशन में एमसीबी रक्षित केंद्र में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जीवन रक्षक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तथा सर्पों से बचाव एवं वन्यजीव संरक्षण विषय पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी और सुरक्षित तरीके से कार्य करने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा जनरल परेड का निरीक्षण और सलामी लेने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस ग्राउंड आमाखेरवा में आयोजित प्रशिक्षण के पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग के डॉ. जयंत यादव और उनकी टीम ने जवानों को सीपीआर की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। हृदय गति या सांस रुकने जैसी आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के तरीकों का प्रदर्शन भी किया गया।दूसरे चरण में ऑल इंडिया वाइल्डलाइफ रेस्क्यूवर्स ग्रुप के प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद कुमार पाण्डेय और उनकी स्नेक सेवर टीम ने पुलिस कर्मियों को विषैले एवं विषहीन सर्पों की पहचान, सुरक्षित रेस्क्यू, सर्पों के व्यवहार और वन्यजीव संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सर्पों को सुरक्षित तरीके से पकडऩे और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी अक्सर सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचते हैं। ऐसे में सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीक और सर्पों से सुरक्षित बचाव की जानकारी आमजन की जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने जवानों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों का व्यवहारिक उपयोग कर सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीएसपी चिरमिरी दीपिका मिंज, डीएसपी (मुख्यालय) तरशीला टोप्पो, आरआई हेमंत टोप्पो सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्नेक सेवर टीम के तंजीम अंसारी, वाहिद खान और मोहम्मद नबी ने भी प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी स्थान पर सर्प निकलने या वन्यजीव रेस्क्यू की आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ स्नेक सेवर टीम से संपर्क करें और स्वयं जोखिम उठाने का प्रयास न करें।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

