दुर्ग, 18 जुलाईं (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपेला थाना क्षेत्र से 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, दो मोबाइल फोन और एक कार सहित करीब 9.94 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोसानगर गांधी नगर क्षेत्र में लाल रंग की कार में सवार दो युवक हेरोइन (चिट्टा) रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27) के कब्जे से 2.65 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ?53 हजार) और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं मोहम्मद फैजान (27) के पास से 6.20 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ?1.24 लाख), एक मोटोरोला मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त कार (सीजी 07 सीव्ही 3587) बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), दो मोबाइल फोन और कार सहित लगभग ?9.94 लाख की संपत्ति जब्त की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन की बिक्री करने की तैयारी कर रहे थे।
आरोपियों के विरुद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
मोह. इम्तियात उर्फ सरफराज (27 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी, पदमनाभपुर, दुर्ग।
मोह. फैजान (27 वर्ष), निवासी तकियापारा, थाना दुर्ग।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या तस्करी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

