दुर्ग, 18 जुलाईं (आरएनएस)। सोशल मीडिया पर बाइक से स्टंट कर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उतई थाना पुलिस ने वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने युवक को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने और इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त समझाइश भी दी।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन विश्वास के तहत सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जांच की गई, जिसमें एक युवक पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 07 एलडब्ल्यू 8684) से सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दे रहा था। स्टंटबाजी के कारण आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी और सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालक की पहचान सौरभ टंडन (23 वर्ष), निवासी नेवईभाठा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में की। उसे थाना बुलाकर पूछताछ की गई और मोटर व्हीकल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 2112/2026 दर्ज करते हुए धारा 128/194, 129/194, 184, 3/181 एवं 146/196 मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन न चलाएं। ऐसे कृत्य न केवल स्वयं बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन को भी खतरे में डालते हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

