0 सामान लेकर भाग रहे संदिग्ध ने बचने के लिए ट्रेन के गेट से लगाई छलांग, जीआरपी ने दोनों पहलुओं की जांच शुरू की
रायपुर, 19 जुलाई (आरएनएस)। आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी के प्रयास के बाद हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना उरकुरा और मांडर स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। वीडियो में एक युवक ट्रेन के दरवाजे से बाहर लटका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि एक यात्री उसे हाथ और लात से मारता नजर आ रहा है। बाद में युवक चलती ट्रेन से नीचे कूद जाता है।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध युवक रायपुर से ट्रेन में सवार हुआ था और रिजर्व कोच में एक यात्री के पास बैठ गया। कुछ दूरी तय होने के बाद वह कथित तौर पर यात्री का सामान लेकर भागने लगा। सामान चोरी होने का एहसास होते ही यात्री उसके पीछे दौड़ा। बचने के प्रयास में युवक ट्रेन के गेट से बाहर लटक गया, लेकिन यात्री ने उसकी पिटाई जारी रखी। मारपीट से बचने के लिए युवक अंतत: चलती ट्रेन से नीचे कूद गया।
इस पूरी घटना का वीडियो ट्रेन की दूसरी बोगी में यात्रा कर रहे एक यात्री ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी चलती ट्रेन से कूदे संदिग्ध की तलाश कर रही है। वहीं, युवक के साथ मारपीट करने वाले यात्री आर. सुरेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

