0 पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में डंगनिया, डीडी नगर समेत कई इलाकों में घर-घर पहुंचकर बांटे आवेदन पत्र
रायपुर, 19 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। रविवार को पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनुपम गार्डन, डंगनिया, डीडी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और स्मार्ट मीटर हटाने अथवा बदलने के लिए आवेदन पत्र वितरित किए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। पार्टी ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार जनता पर महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर का बोझ डाल रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्य में भी स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार ने सावधानी बरती, जबकि छत्तीसगढ़ में लोगों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
इस अभियान में देव साहू, संदीप शर्मा, कुलदीप, शिवश्याम शुक्ला, मन्नू वाजपेयी, योगेश दीक्षित, भीम यादव, ईश्वरी, संदीप सिरमौर, अमन गिल, विजय गीधवानी, श्रीनाथ भोगल, वेदप्रकाश कुशवाहा, अजित और किशन गोस्वामी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0

