०सरगुजा के चिलबिल पंडोपारा में 10 साल से सड़क की मांग, ग्रामीण बोले- एम्बुलेंस नहीं पहुंचती, मरीजों को खाट पर ढोना पड़ता है
अंबिकापुर/सरगुजा,19 जुलाई (आरएनएस) । सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुहपुटरा के चिलबिल पंडोपारा में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ से नाराज ग्रामीणों ने उसी सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कैबिनेट मंत्री के पास होने के बावजूद सड़क की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। कीचड़ और गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और कई बार वे गिरकर घायल भी हो जाते हैं।ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को करीब दो किलोमीटर तक खाट पर ले जाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे कई बार इलाज में देरी हो जाती है।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस क्षेत्र में विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के परिवार निवास करते हैं, लेकिन उनकी मूलभूत सुविधाओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि पंचायत स्तर पर भी केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

