०लुंड्रा थाना क्षेत्र के नागम गांव में हल्की बारिश के दौरान गिरी गाज, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
अंबिकापुर,19 जुलाई (आरएनएस) । सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम में रविवार को हल्की बारिश के दौरान गाज गिरने से चार बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से चारों बच्चे गंभीर रूप से प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को
अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं झुलसे दोनों सगे भाइयों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
०००


