बस्ती 21 जुलाई (आरएनएस)। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के मंडल महासचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भारत सिंह कृषि विद्यालय, भारत नगर, तेंनुआ, हर्रैया में अनुचर पद पर कार्यरत मनोज कुमार वर्मा के कथित उत्पीडऩ, लंबित वेतन एवं ग्रेच्युटी के भुगतान, सेवा बहाली तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो 22 जुलाई से शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक विरोध-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।ज्ञापन के अनुसार मनोज कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा कई वर्षों से उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक उत्पीडऩ किया जा रहा है। उनका वेतन लंबे समय से लंबित है तथा लगभग दस वर्षों से ग्रेच्युटी का भुगतान भी नहीं किया गया। इसके अलावा सेवा बहाली के मामले में भी उन्हें न्याय नहीं मिल सका है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि वेतन और ग्रेच्युटी की मांग करने पर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई तथा विद्यालय प्रबंधन द्वारा कथित रूप से सेवा बहाली के बदले अवैध धनराशि की मांग की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों पर शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है।राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने, मनोज कुमार वर्मा का लंबित वेतन एवं ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित कराने तथा उनकी सेवा बहाल करने की मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 22 जुलाई 2026 तक न्यायोचित कार्रवाई नहीं होती है तो शांतिपूर्ण, अहिंसात्मक एवं संवैधानिक दायरे में अनिश्चितकालीन विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

