एम एम टी टी सी में आयोजित हुआ शॉर्ट टर्म कोर्स
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के यूजीसी–मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (यूजीसी-एमएमटीटीसी) के तत्वावधान में ‘एक्सपेरिमेंटल टेक्नीक्स एंड डेटा एनालिसिस इन फिजिक्सÓ विषयक छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार सटीक प्रयोग, विश्वसनीय डेटा विश्लेषण तथा नवाचार है। उन्होंने कहा कि आज शोध की दिशा ‘एक्सप्लोर, एक्सपेरिमेंट, एनालाइज़ एंड इनोवेटÓ (खोजें, प्रयोग करें, विश्लेषण करें और नवाचार करें) के मूल मंत्र से संचालित हो रही है। उन्होंने प्रतिभागियों से आधुनिक प्रयोगात्मक तकनीकों एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाकर शोध की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया।दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर की कुलपति एवं यूजीसी-एमएमटीटीसी की संरक्षक प्रो. पूनम टंडन ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 अनुसंधान, नवाचार और बहुविषयक शिक्षा को विशेष महत्व देती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों एवं शोधार्थियों को नवीन वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ते हुए उच्च शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
यूजीसी-एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज का युग डेटा आधारित ज्ञान का युग है। प्रयोग, विश्लेषण और साक्ष्य-आधारित चिंतन केवल विज्ञान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक ज्ञान-विषय की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान कौशल तथा विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल का परिचय प्रस्तुत करते हुए उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, सरल, विनम्र एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व की सराहना की।कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक आचार्य, भौतिकी विभाग ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आगामी छह दिनों के विभिन्न तकनीकी सत्रों, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण तथा शोधोन्मुख गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 70 से अधिक शिक्षक एवं शोधार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। अंत में प्रो. राकेश तिवारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

