कोटद्वार,21 जुलाई (आरएनएस ) ।बेस अस्पताल में औषधि वितरण केंद्र की गंभीर लापरवाही सामने आई है। चिकित्सक द्वारा गैस की दवा लिखे जाने के बावजूद महिला को कथित तौर पर मिर्गी के दौरे में दी जाने वाली दवा थमा दी गई। घर पहुंचने पर महिला के बेटे ने दवा देखकर संदेह जताया। इसके बाद परिचित दवा विक्रेता से जांच कराने पर पता चला कि यह गैस की नहीं बल्कि मिर्गी की दवा है। जानकारी मिलते ही महिला अपने परिचितों के साथ अस्पताल पहुंची और औषधि वितरण केंद्र पर जमकर हंगामा किया।
दोपहर करीब एक बजे महिला दोबारा अस्पताल पहुंची और औषधि वितरण केंद्र पर विरोध जताया। आरोप है कि हंगामे के दौरान केंद्र पर तैनात फार्मासिस्ट और महिला कर्मचारी काउंटर बंद कर वहां से चले गए। महिला चिकित्सक के कक्ष में भी जा घुसे। उधर, बेस अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि महिला ने गैस की दवा के स्थान पर दूसरी दवा दिए जाने का आरोप लगाया है।वहीं, संबंधित फार्मासिस्ट का कहना है कि उन्होंने ऐसी कोई दवा महिला को नहीं दी। उन्होंने कहा कि संबंधित दवा सामान्य मरीजों को नहीं दी जाती और विशेष परिस्थितियों में ही उपलब्ध कराई जाती है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

