कोटद्वार,21 जुलाई (आरएनएस ) । भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील क्षेत्र के पट्टी सीला-5 अंतर्गत बैरगांव में निजी खेतों में अवैध रूप से कटान कर मार्ग बनाए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी जब्त कर दी।प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद सनवाल एवं खान निरीक्षक रश्मि नैथानी ने बताया कि सोमवार सुबह बैरगांव में बिना अनुमति जेसीबी से निजी खेतों में कटान कर सड़क बनाए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर दोनों विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर किए गए मापन में 275.625 घनमीटर उपखनिज मिट्टी का अवैध कटान पाया गया।पूछताछ के दौरान जेसीबी ऑपरेटर प्रवेश कुमार और मनोज कुमार ने बताया कि यह कार्य काशीरामपुर, कोटद्वार निवासी मनीष अग्रवाल के निर्देश पर कराया जा रहा था। अधिकारियों ने दोनों जेसीबी को कब्जे में लेकर तहसील परिसर में सीज कर दिया है। मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजते हुए दोनों मशीनों पर नियमानुसार अर्थदंड लगाए जाने की संस्तुति भी की गई है। कार्रवाई के दौरान राजस्व उपनिरीक्षक बिपिन नेगी, देवेंद्र सिंह और अमित चौहान भी संयुक्त टीम में शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

