जगदलपुर, 22 जुलाई (आरएनएस) बस्तर पुलिस ने केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार दंडित बंदी को तीन महीने बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मार्च 2026 में जेल की दीवार फांदकर फरार हुए आरोपी को नारायणपुर में घेराबंदी कर दबोचा गया। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में चली इस कार्रवाई के बाद आरोपी को दोबारा न्यायिक प्रक्रिया में शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार, केंद्रीय जेल जगदलपुर में सजा काट रहा महेंद्र दीवान मार्च 2026 में सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार हो गया था। घटना के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार बंदी नारायणपुर में छिपा हुआ है। इसके आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पूरे अभियान का नेतृत्व नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर ने किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान में निरीक्षक भोला सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेन्द्र पैकरा तथा अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी महेंद्र दीवान, पिता फूलदास दीवान, उम्र 25 वर्ष, निवासी चितालका कलारपारा, थाना चितालंका, जिला दंतेवाड़ा है। पुलिस के मुताबिक उसके विरुद्ध कांकेर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों में चोरी सहित कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, फरार बंदी की गिरफ्तारी को बस्तर पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने की हर कोशिश नाकाम होगी और वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

