0 जलभराव की समस्या दूर करने नगर निगम की कार्रवाई
रायपुर, 22 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर नगर निगम के जोन-4 ने गोलबाजार पेटी लाइन में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर करने के लिए अभियान चलाकर नाली पर बने 15 अवैध पाटों को हटाया। कार्रवाई के बाद नालियों की सफाई कर गंदे पानी के निकास को सुचारु बनाया गया।

यह कार्रवाई रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा तथा जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा के निर्देश पर की गई।
नगर निगम के अनुसार स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक-44 स्थित गोलबाजार पेटी लाइन में कई दुकानों के सामने नालियों पर अवैध रूप से पाटे बना दिए गए थे। इससे नालियों की नियमित सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
जोन-4 की नगर निवेश एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में अभियान चलाकर 15 अवैध पाटों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेंद्र चंद्राकर मौजूद रहे।
नगर निगम ने बताया कि अवैध पाटे हटाने के बाद नालियों की सफाई कराई गई, जिससे गंदे पानी का निकास सुचारु हो गया और क्षेत्र में जलभराव की समस्या का समाधान किया गया। निगम ने कहा कि जनस्वास्थ्य और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0

