कोण्डागांव, 22 जुलाई (आरएनएस) । भारत के लौह पुरुष और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर थाना केशकाल पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल में विद्यार्थियों के लिए रंगोली, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।यह आयोजन पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा (भापुसे) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता एवं कर्तव्य बोध के प्रति जागरूक करना था।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कला कौशल और विचारों के माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी सहित राज किशोर राठी, जनपद सदस्य हिडमो कुंजाम, राजकुमारी, पार्षद भूपेश
चन्द्राकर, पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, रचनात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।थाना प्रभारी विकास बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
प्रतियोगिता के विजेता
निबंध लेखन: सालिनी निर्मलकर — प्रथम
चित्रकला: प्रतिज्ञा मंडावी — प्रथम
रंगोली: नादिया एवं मालती — प्रथम
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।इस अवसर पर एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम, थाना प्रभारी विकास बघेल, प्रशिक्षु उप निरीक्षक धमेन्द्र कुमार सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कोण्डागांव पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों और आमजन के लिए जनजागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता और मजबूत हो सके।
०००००


