रायपुर, 22 जुलाई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर जिस प्रकार का आचरण किया गया, वह लोकतांत्रिक मर्यादा के प्रतिकूल और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामले को लेकर केंद्र सरकार शुरू से ही गंभीर रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पेपर लीक को पाप बता चुके हैं और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी घोषित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे की आड़ में कुछ युवाओं को आगे कर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया यह कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है और देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

